- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Woman Going To Nagar Kirtan Was Surrounded And Bitten By 3 Dogs, Injured
न्यू मॉडल टाउन में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। कोठी नंबर-204 के बाहर नगर कीर्तन में माथा टेकने जा रही एक आंगनबाड़ी वर्कर पर तीन कुत्तों ने हमला कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायल महिला की पहचान 45 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पूनम अपनी बेटी और पड़ोस की एक लड़की (जिसने गोद में छोटा बच्चा उठाया हुआ था) के साथ गली से गुजर रही थीं।
वे क्षेत्र में आ रहे नगर कीर्तन में माथा टेकने जा रही थीं। इसी दौरान तीन कुत्ते अचानक दौड़ते हुए उनके पास आए और चारों तरफ से घेर लिया। इतने में एक कुत्ते ने पूनम की टांग पर बुरी प्रकार काट लिया और इसके पश्चात तीनों कुत्ते वहां से भाग निकले। पीड़ित पूनम ने कहा कि इलाके में इन कुत्तों का खौफ लगातार बना हुआ है। यह पहली बार नहीं है जब उन पर आक्रमण हुआ है बल्कि लगभग 6 महीने पहले भी कुत्तों ने उन्हें काट लिया था।
मामले की सूचना मिलते ही वार्ड के पार्षद कपिल सोनू ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के पश्चात नगर निगम के अधिकारियों से बात कर रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। हालांकि जब टीम कुत्तों को पकड़ने पहुंची तो मोहल्ले के ही एक परिवार ने उन कुत्तों को अपने घर के अंदर बंद कर लिया और दावा किया कि वे उनके पालतू कुत्ते हैं। पार्षद ने कहा कि संबंधित परिवार को सख्त चेतावनी दे दी गई है कि वे कुत्तों को बांधकर रखें।







