- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Dhvani Bhanushali Engagement | Singer Shares Dream Proposal Photos
ध्वनि के मंगेतर यश भानुशाली एंटरप्रेन्योर और फोटोग्राफर हैं। वह ई-स्पोर्ट्स और टैलेंट मैनेजमेंट ऑर्गनाइजेशन ऑरंगुटान के फाउंडर हैं।
सिंगर ध्वनि भानुशाली ने शुक्रवार को बॉयफ्रेंड यश भानुशाली से सगाई का ऐलान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रपोजल की तस्वीरें शेयर कीं।
तस्वीरों में ध्वनि और यश पानी के किनारे कैंपिंग करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में ध्वनि अपनी सगाई की अंगूठी दिखा रही हैं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “जिंदगी के लिए अपना कपकेक मिल गया। मैंने हां कह दी।”
तस्वीरों में दोनों आरामदायक टेंट और खूबसूरती से सजाए गए आउटडोर सेटअप के पास पोज दे रहे हैं। पीछे पानी और सूर्यास्त का नजारा दिख रहा है।
एक फोटो में दोनों कैमरे की ओर देखकर मुस्कुरा रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में यश, ध्वनि के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं।
गाने ‘वास्ते’ से ध्वनि को मिली थी पहचान
ध्वनि भानुशाली ने बॉलीवुड और इंडिपेंडेंट म्यूजिक के गानों से पहचान बनाई है। उनका जन्म 22 मार्च 1998 को मुंबई में हुआ था। वह प्रोड्यूसर विनोद भानुशाली की बेटी हैं।
उन्होंने निखिल डिसूजा के साथ गाए गाने ‘वास्ते’ से लोगों का ध्यान खींचा था। यह गाना काफी मशहूर हुआ था। ‘वास्ते’ को अब तक यूट्यूब पर 1.7 अरब (170 करोड़) से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
इसके बाद ध्वनि ने ‘सत्यमेव जयते’ के गाने ‘दिलबर’, ‘लेजा रे’ और ‘लुका छुपी’ के ‘दुनिया’ जैसे गाने गाए हैं।
उन्होंने ‘साहो’ का ‘साइको सैयां’ और जुबिन नौटियाल के साथ ‘नयन’ भी गाया है।
ध्वनि ने गुरु रंधावा, अरिजीत सिंह और जुबिन नौटियाल सहित अनेक लोकप्रिय सिंगर्स के साथ काम किया है। वह इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर भी काम कर रही हैं।
साल 2024 में उन्होंने एक्टिंग डेब्यू किया था। वह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘कहां आरंभ कहां खत्म’ में आशिम गुलाटी के साथ नजर आई थीं।
ध्वनि भानुशाली ने दैनिक भास्कर को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, "मेरे गाने पर जो व्यूज आते हैं, वो पब्लिक के लिए ज्यादा मायने रखते होंगे, लेकिन मेरे लिए नहीं। जाहिर है, इससे पता चलता है कि कितने लोगों ने हमारा गाना सुना है। हालांकि, कितने लोगों ने मेरा गाना पसंद किया, मेरे लिए यह बात मायने रखती है।"
ध्वनि भानुशाली का पहला बॉलीवुड गाना 'इश्तेहार' था, जो वर्ष 2018 में फिल्म 'वेलकम टू न्यूयॉर्क' में रिलीज हुआ था।
उन्होंने आगे बताया था, "मैं कभी इस बात पर ध्यान नहीं देती कि मेरे गाने को कितने व्यूज मिले। मेरे आसपास के लोग मुझे बताते हैं कि आपके गाने को यूट्यूब पर इतने व्यूज मिले। हर गाने से मेरी कोशिश बस यही रहती है कि जितने लोग भी इसे सुनें, वो लंबे वक्त तक गुनगुनाएं।"
ध्वनि भानुशाली के पिता विनोद भानुशाली लंबे समय तक टी-सीरीज में ग्लोबल मार्केटिंग और मीडिया पब्लिशिंग के प्रमुख रहे हैं।
ध्वनि भानुशाली गूगल पर ट्रेंड कर रही हैं
सोर्स- गूगल ट्रेंड्स







