- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Dr. Himanshu Agarwal Took Charge As DC; Took The Blessings Of His Father And Sister.
2014 बैच के आईएएस अफसर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बुधवार को लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) का पदभार संभाल लिया। डीसी कार्यालय में कुर्सी संभालने से पहले उन्होंने अपने पिता डॉ. सुरिंदर अग्रवाल और बहन डॉ. निशू अग्रवाल के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसी बीच पिता भावुक नजर आए। उन्होंने बेटे की ईमानदारी और निष्पक्षता से जनता की सेवा करने पर गर्व जताया। मीडिया से बातचीत में डॉ. अग्रवाल ने जानकारी दी कि 2001 में आठवीं की बोर्ड परीक्षा में फिरोजपुर जिले में 97 प्रतिशत अंक लेकर टॉप करने के पश्चात उनके मन में प्रशासनिक सेवा में आने का विचार आया था। 12वीं कक्षा में उन्होंने डीसी बनने का लक्ष्य तय किया।
लुधियाना से पहले वे जालंधर, फाजिल्का, गुरदासपुर और पटियाला सहित पांच जिलों में डीसी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि नगर के विकास हेतु जल्द ही उद्योगपतियों, कारोबारियों और एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग कर सुझाव लिए जाएंगे। अपराध और ट्रैफिक की समस्याओं पर रणनीति बनाने हेतु पुलिस कमिश्नर के साथ भी मीटिंग करेंगे। उनकी प्राथमिकता सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से वक्त पर पात्र लोगों तक पहुंचाना रहेगी। पदभार संभालने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एडीसी स्वाति टिवाना सहित प्रशासनिक अफसरों ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की और मिनी सचिवालय परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पात्र लोगों तक सरकारी योजनाएं पहुंचाना रहेगी प्राथमिकता







