- Hindi News
- Local
- Punjab
- Fazilka
- Fazilka Lottery Win | Labourer Wins 11 Lakh Jackpot For Daughter
फाजिल्का के ग्राम गागनके में रहने वाले एक मजदूर की किस्मत उस वक्त चमक उठी, जब महज 20 रुपए में खरीदे गए लॉटरी टिकट पर उसे 11 लाख रुपए का पहला इनाम मिल गया।
खास बात यह है कि मजदूर पिछले दो वर्षों से अपनी तीन वर्षीय बेटी के नाम पर लॉटरी का टिकट खरीद रहा था। आखिरकार उसकी यह आशा पूरी हो गई।
इनाम निकलने की खुशी में परिवार ने जमकर जश्न मनाया और लॉटरी एजेंसी पर ढोल की थाप पर भंगड़ा डालकर खुशी जाहिर की।
पिछले 2 वर्ष से खरीद रहा लॉटरी टिकट
सूचना देते हुए लॉटरी विजेता बलविंदर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसे रोजाना 500 से 600 रुपए दिहाड़ी मिलती है। इसके बावजूद वह पिछले दो वर्षों से अपनी तीन वर्षीय बेटी जसलीन कौर के नाम पर लॉटरी का टिकट खरीदता आ रहा था।
गुरुपर्व के दिन खरीदे गए 20 रुपए के टिकट पर आखिरकार 11 लाख रुपए का पहला इनाम निकल आया। बलविंदर सिंह ने बताया कि जब उन्हें लॉटरी लगने का फोन आया, उस समय वह अपने ताया जी के बेटे की शादी में व्यस्त थे।
खुद टिकट नंबर मिलाने पर हुआ विश्वास
बाद में घर पहुंचकर उन्होंने खुद टिकट का नंबर मिलाया, जिसके पश्चात उन्हें यकीन हुआ कि वास्तव में उनकी 11 लाख रुपए की लॉटरी निकल आई है। यह खबर सुनते ही परिवार की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बताया कि वह इनाम की पूरी रकम अपनी बेटी के नाम ही करवाएंगे।
वहीं बलविंदर सिंह की माता जीतो बाई ने कहा कि जैसे ही गांव में परिवार को लॉटरी निकलने की खबर मिली, लोग घर पहुंचकर उन्हें बधाइयां देने लगे। इसके पश्चात परिवार गुंबर लॉटरी एजेंसी पर पहुंचा, जहां ढोल बजाकर नाचते हुए प्रसन्नता मनाई गई। बाजार में भी लड्डू बांटे गए।
गुरुपर्व पर खरीदा था टिकट : विक्रेता
गुंबर लॉटरी एजेंसी के संचालक अनमोल गुंबर ने जानकारी दी कि गुरुपर्व के दिन ग्राम गागनके निवासी बलविंदर सिंह ने उनकी दुकान से पंजाब स्टेट डियर लॉटरी बंपर का 20 रुपए का टिकट नंबर E-94031 खरीदा था।
इसी टिकट पर 11 लाख रुपए का पहला इनाम निकला है। मजदूर परिवार की इस प्रसन्नता में एजेंसी और बाजार में भी जश्न का माहौल देखने को मिला।







