फरीदकोट की जैतो मंडी में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने रेलवे बाजार स्थित एक बेकरी शॉप को निशाना बनाया। चोर दुकान से करीब 20 हजार रुपये की नकदी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उड़ा ले गए। अज्ञात चोर रात के समय दुकान की छत पर चढ़े और सीढ़ियों के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सबूत मिटाने के इरादे से चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शटर खोला, तो अंदर सामान बिखरा हुआ शनिवार सुबह जब दुकान मालिक ने शटर खोला, तो अंदर सामान बिखरा हुआ और गल्ला टूटा हुआ पाया, जिसके बाद चोरी की वारदात का पता चला। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय व्यापारी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर गहरा रोष व चिंता जताई। इस मामले को लेकर दुकानदार विशाल बांसल, विकास बांसल और भाजपा नेता प्रदीप सिंगला समेत अन्य शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के वक्त पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।