लुधियाना जिले में दाना मंडी जगराओं में आढ़तियों से मूंग की फसल खरीदकर पूरी रकम का भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने मित्तल कॉटन मिल के संचालकों सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।

आरोप है कि मिल संचालकों ने साल 2024-25 में आढ़तियों के माध्यम से मूंग की फसल खरीदी, किंतु उसकी पूरी पेमेंट नहीं की।

इसके चलते आढ़तियों को कृषकों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए फसल की रकम अपनी जेब से चुकानी पड़ी। लंबे वक्त से भुगतान अटका होने और मिल बंद हो जाने की वजह से आढ़तियों की बड़ी रकम फंस गई।

विज्ञापनIn-Article Banner

पुलिस ने जिन पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें विनोद कुमार उर्फ राजू, अनीता मित्तल, शैंकी मित्तल, नवीन कुमार और किरण बाला निवासी शास्त्री शहर, जगराओं हैं।

आढ़तियों ने अपनी जेब से किया अन्नदाताओं को भुगतान

पुलिस को दी शिकायत में बलविंदर सिंह सहित दाना मंडी जगराओं के कई आढ़तियों ने इल्जाम लगाया कि पंजाब के विभिन्न हिस्सों से किसान अपनी मूंगी की फसल बेचने के लिए जगराओं अनाज मंडी पहुंचते हैं।

मंडी में आढ़तियों के माध्यम से किसानों की फसल खरीदी जाती है और संबंधित व्यापारियों से बाद में उसकी रकम वसूली जाती है। इसी कारोबार के तहत मित्तल कॉटन मिल की ओर से भी आढ़तियों के माध्यम से मूंगी की फसल खरीदी गई थी।

आढ़तियों का इल्जाम- फसल की पूरी रकम नहीं दी

आढ़तियों का आरोप है कि मिल की ओर से फसल खरीदने के पश्चात पूरी रकम अदा नहीं की गई। किसानों को समय पर भुगतान करना आढ़तियों की जिम्मेदारी थी, इस कारण उन्होंने अपनी जेब से किसानों को उनकी फसल की रकम चुका दी। लेकिन मिल से बकाया राशि नहीं मिलने के कारण उनकी पूंजी लगातार फंसती चली गई।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने कई बार मिल संचालकों से संपर्क कर अपनी रकम वापस लेने का प्रयास किया, परंतु कोई समाधान नहीं निकला।

मिल बंद होने से बढ़ी आढ़तियों की परेशानी

मामले की पड़ताल उप कप्तान पुलिस (पीबीआई/एस. क्राइम) की ओर से की गई। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता दाना मंडी जगराओं में अपनी-अपनी आढ़त की दुकानें चलाते हैं, जबकि आरोपियों ने मैसर्स मित्तल कॉटन मिल (दाल मिल), जगराओं के नाम से फर्म बनाई हुई थी। यह फर्म आढ़तियों के माध्यम से मंडी से विभिन्न फसलों की खरीद कर आगे बेचने का कारोबार करती थी।

पड़ताल के मुताबिक, वर्ष 2024-25 के बीच मिल ने आढ़तियों से मूंगी की फसल खरीदी, किंतु उसकी पूरी बनती रकम का भुगतान नहीं किया। इसके बाद जगराओं स्थित मिल बंद कर दी गई। इससे आढ़तियों की बकाया रकम की वसूली नहीं हो सकी और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पांच लोगों पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस

पुलिस जांच में विनोद कुमार उर्फ राजू, अनीता मित्तल, शैंकी मित्तल, नवीन कुमार और किरण बाला के खिलाफ प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के तथ्य सामने आने के पश्चात उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर