जालंधर | जंडियाला स्थित सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नेशनल साइंस सेंटर नई दिल्ली और प्रदेश शैक्षिक अनुसंधान तथा प्रशिक्षण परिषद, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत जिला स्तरीय साइंस ड्रामा प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) डॉ. गुरिंदरजीत कौर और उप जिला शिक्षा अफसर (सेकेंडरी) राजीव जोशी की अगुवाई में हुई, जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों से ब्लॉक स्तर पर विजेता 17 स्कूलों की टीमों के 140 विद्यार्थियों ने भाग लिया। निर्णायक लेक्चरर नरेश कुमार, राजेश शर्मा और हरजीत सिंह रहे। परिणामों में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चक्क देसराज प्रथम, स्कूल ऑफ एमिनेंस, बाजवा कलां द्वितीय और सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडोवाली रोड तृतीय रहा। मेजबान स्कूल के प्रिंसिपल सतपाल सोढ़ी ने कहा कि प्रथम टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जालंधर का प्रतिनिधित्व करेगी। अंत में प्रिंसिपल परमिंदर फ्लोरा, सतपाल सोढ़ी और हरजीत कुमार बावा सहित अन्य ने विजेताओं को प्रमाण पत्र व ट्रॉफी प्रदान कीं।

Source: Dianik Bhaskar