- Hindi News
- Local
- Punjab
- Mohali
- Mohali Court Acquits Harjit Singh In 10 Year Old Robbery Conspiracy Case
मोहाली में लूट की साजिश रचने के 10 साल पुराने प्रकरण में अदालत ने एक आरोपी को बरी कर दिया है। पुलिस ने इल्जाम लगाया था कि अभियुक्त हथियारों के साथ टीडीआई सिटी के खाली प्लॉट में बैठकर बड़ी लूट की योजना बना रहे थे। लेकिन कोर्ट में पुलिस यह साबित नहीं कर पाई
जिला और सत्र न्यायाधीश अतुल कसाना की अदालत ने पुलिस छानबीन में गंभीर खामियां पाईं। कोर्ट ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की बातचीत सुनने हेतु कोई प्रयास नहीं किया। हरजीत की मोबाइल टावर लोकेशन भी नहीं निकलवाई गई। इतना ही नहीं, पुलिस की बड़ी टीम के घटनास्थल पर मौजूद होने के बाद भी उसके फरार होने की कहानी भी संदेह के घेरे में रही। इन परिस्थितियों में कोर्ट ने संदेह का लाभ देते हुए हरजीत सिंह को बरी कर दिया।
अदालत ने पुलिस की छानबीन पर ये प्रश्न उठाए
लूट की योजना का सबूत नहीं: पुलिस ने छापेमारी से पहले किसी मुलाजिम को सादे कपड़ों में भेजकर आरोपियों की बातचीत सुनने की कोशिश नहीं की। कोर्ट के मुताबिक, ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं था जिससे साबित हो कि आरोपी लूट की योजना बना रहे थे।
घटनास्थल पर मौजूदगी साबित नहीं: हरजीत को घटनास्थल से गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस ने उसकी मोबाइल टावर लोकेशन नहीं निकलवाई और न ही कोई ऐसा सबूत पेश किया, जिससे घटनास्थल पर उसकी मौजूदगी साबित हो सके।
फरार होने की कहानी पर सवाल: अदालत ने हैरानी जताई कि पुलिस की इतनी बड़ी टीम मौके पर थी, फिर भी आरोपी फरार हो गया और किसी पुलिसकर्मी ने उसका पीछा तक नहीं किया।
दो आरोपियों की मौत, दो भगोड़ा घोषित
इस मामले में नामजद बलकौर सिंह और मोहम्मद इफ्तिखार उर्फ चिंटू को कोर्ट पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी है। वहीं, प्रद्युमन सिंह और मनप्रीत सिंह की मृत्यु होने की वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई खत्म हो चुकी है।
2016 में खाली प्लॉट में छापेमारी का था प्रकरण
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 21 जुलाई 2016 को सीआईए स्टाफ के एएसआई पवन कुमार को सुबह करीब 4 बजे लांडरां चौक पर गुप्त जानकारी मिली थी। जानकारी में बताया गया कि बलकौर सिंह, मोहम्मद इफ्तिखार उर्फ चिंटू, प्रद्युमन सिंह, मनप्रीत सिंह, रणजीत सिंह और हरजीत सिंह उर्फ सोनू टीडीआई सिटी भागोमाजरा के एक खाली प्लॉट में हथियारों के साथ इकट्ठा हैं और किसी बड़ी लूट की योजना बना रहे हैं।
पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया था। उनके कब्जे से एक .32 बोर देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, लोहे काटने वाली आरी और पेचकस बरामद करने की बात कही गई थी। पुलिस के मुताबिक, हरजीत सिंह उर्फ सोनू और रणजीत सिंह मौके से फरार हो गए थे।
बाद में हरजीत को एक अन्य मामले में कपूरथला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया था। अब कोर्ट ने सबूतों की कमी और जांच में खामियों के आधार पर उसे बरी कर दिया है।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







