भास्कर न्यूज | अमृतसर मजीठा रोड स्थित ग्रीन फील्ड के श्री मुक्तिनारायण धाम वेंकटेश मंदिर तिरुपति बाला जी में देवी मां पद्मावती जी का मूर्ति स्थापना दिवस 22 नवंबर को मनाया जाएगा। मंदिर के प्रधान चरणजीत अग्निहोत्री और श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंदिर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सदस्यों ने विचार रखे। कमेटी ने कहा कि स्थापना दिवस से पहले 21 को तुलसी विवाह कराया जाएगा, जिसमें मां तुलसी का विवाह भगवान शालीग्राम से होगा, पुजारी मंत्रोच्चारण करेंगे। इसके बाद 22 नवंबर को मूर्ति स्थापना दिवस पर मां पद्मावती जी का दूध, गंगाजल, दही, देसी घी और औषधियों से महाभिषेक किया जाएगा। फिर मां को सुंदर वस्त्र और आभूषण पहना शृंगार किया जाएगा।