पंजाब में युवाओं को नशे से दूर रखने हेतु अब खेल और फिटनेस को अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है। इसी मकसद से 29 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में हाफ मैराथन-2026 आयोजित की जाएगी।

युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। मैराथन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी, राष्ट्रीय पदक विजेता और फिटनेस चैंपियन भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम हेतु कुल 2.40 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि रखी गई है।

गुरुवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित कर्टेन रेजर आयोजन में आयोजकों ने मैराथन की जानकारी दी। दौड़ की शुरुआत सुबह 5 बजे श्री आनंदपुर साहिब के पंज प्यारा पार्क से होगी। इसका कार्यक्रम रोटरी क्लब श्री आनंदपुर साहिब की ओर से UNITED SIKHS के सहयोग से किया जा रहा है। एडवोकेट गुर मोहन प्रीत सिंह के लॉ ऑफिसेज इस आयोजन के कानूनी साझेदार हैं।

विज्ञापनIn-Article Banner

अब विस्तार से पढ़ें हाफ मैराथन-2026 के बारे में…

  • हाईकोर्ट के जजों को दिया आमंत्रण: एडवोकेट गुर मोहन प्रीत सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के समस्त न्यायाधीशों को मैराथन में शामिल होने और युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु आमंत्रित किया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन ड्रग-फ्री पंजाब अभियान और युवा मुहिम #JhoteyNahiMukney का हिस्सा है। इसका मकसद युवाओं को नशे के बजाय खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
  • पंजाब के खिलाड़ी भी बढ़ाएंगे धावकों का हौसला: मैराथन में पंजाब के अनेक चर्चित खिलाड़ी और फिटनेस चैंपियन शामिल होंगे। इनमें पंजाब के पुशअप मैन के नाम से प्रसिद्ध कुंवर अमृतबीर सिंह भी हैं। उनके नाम फिटनेस और कैलिस्थेनिक्स में 50 से ज्यादा रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। इनके अलावा पैरा-साइक्लिस्ट और राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता जगविंदर सिंह, जिन्हें सुपर सिंह के नाम से जाना जाता है, भी हिस्सा लेंगे।
  • फतेह सिंह गिल अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा करेंगे: अंतरराष्ट्रीय हैवीवेट स्ट्राइकर और वर्ल्ड जिउ-जित्सु चैंपियनशिप पदक विजेता जुझार टाइगर सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय लीग में हिस्सा ले चुके प्रोफेशनल एमएमए फाइटर यदविंदर शिकारी सिंह भी युवाओं को प्रेरित करेंगे। युवा मार्शल आर्ट्स पदक विजेता और मैराथन के आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर फतेह सिंह गिल भी अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा करेंगे।
  • 21.1 किमी से लेकर 3 किमी तक की दौड़: मैराथन में चार श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर रन और 3 किलोमीटर फन रन शामिल हैं। पहली तीन श्रेणियां समय आधारित प्रतिस्पर्धी दौड़ होंगी, जबकि 3 किलोमीटर फन रन गैर-प्रतिस्पर्धी रहेगी। इसमें सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकेंगे।
  • पुरुषों और महिलाओं को समान पुरस्कार राशि: आयोजकों ने कुल 2.40 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि घोषित की है। इसे पुरुषों और महिलाओं में समान रूप से बांटा जाएगा। 21.1 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दौड़ में 18 से 40 साल, 40.1 से 50 साल, 50.1 से 60 वर्ष और 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग के प्रतिभागियों हेतु अलग-अलग पुरस्कार होंगे।
  • तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपए होगा: इसी तरह 5 किलोमीटर दौड़ में 14 से 40 वर्ष, 40.1 से 50 साल, 50.1 से 60 साल और 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक आयु वर्ग में पुरुषों और महिलाओं हेतु प्रथम पुरस्कार 5 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपए होगा।
  • 3 किलोमीटर फन रन में कोई नकद पुरस्कार नहीं: 3 किलोमीटर फन रन में कोई नकद पुरस्कार नहीं दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, आयोजन की टी-शर्ट और जलपान मिलेगा। नकद पुरस्कारों का वितरण आयु और पहचान संबंधी दस्तावेजों के सात दिन के सत्यापन के बाद किया जाएगा।

29 ब्रांडिंग पार्टनर्स का सहयोग आयोजकों के अनुसार, मैराथन को 29 ब्रांडिंग पार्टनर्स का सहयोग मिला है। इनमें सिंह लेगेसी और बर्न जिम शामिल हैं। बर्न जिम की ओर से विजेताओं को विशेष जिम सदस्यता भी दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्त भविष्य से जोड़ने की सामुदायिक पहल है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर