आम आदमी पार्टी की मोगा में होने वाली रैली से ठीक पहले पीआरटीसी कर्मियों की हड़ताल की चेतावनी के चलते पंजाब सरकार को आखिरकार उनकी लंबित मांग के आगे झुकना पड़ा।

परिवहन महकमा ने बुधवार देर रात पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) के लगभग 2 हजार आउटसोर्स ड्राइवरों और कंडक्टरों को कांट्रेक्ट प्रणाली के तहत लाने पर सहमति जताते हुए आदेश जारी कर दिए।

कर्मचारियों ने किया था 3 दिन की हड़ताल का ऐलान

विज्ञापनIn-Article Banner

यह निर्णय उस समय लिया गया जब कर्मियों ने तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान करते हुए आम आदमी पार्टी की वीरवार को मोगा में होने वाली रैली हेतु समर्थकों और कार्यकर्ताओं को बसों में लाने से इनकार कर दिया था।

सरकार ने रैली में भीड़ पहुंचाने हेतु पंजाबभर से पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज की करीब 2,600 बसों की व्यवस्था की थी। ऐसे में कर्मचारियों के विरोध की वजह से सरकार के सामने परिवहन व्यवस्था को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई थी।

कर्मचारियों ने मांगा था लिखित आश्वासन

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर कर्मचारी प्रतिनिधियों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच मीटिंग हुई थी। हालांकि, कर्मियों ने केवल आश्वासन के आधार पर अपना आंदोलन वापस लेने से इनकार कर दिया और स्पष्ट किया कि वे लिखित आदेश जारी होने के पश्चात ही ड्यूटी पर लौटेंगे।

आखिरकार बुधवार रात करीब 9 बजे पीआरटीसी के विभिन्न डिपो के जनरल मैनेजर्स की ओर से आदेश जारी किए गए। इसके पश्चात कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और वीरवार सुबह मोगा रैली के लिए निर्धारित गांवों में बसें लेकर रवाना हो गए।

फरीदकोर्ट के 120 कर्मी शामिल

इस संबंध में पीआरटीसी के फरीदकोट डिपो के जीएम की ओर से 25 नवंबर को जारी आदेश की प्रति भी सामने आई है। इसमें 120 कर्मियों, जिनमें 73 कंडक्टर और 47 ड्राइवर शामिल हैं, को पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ड पर्सनल (ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट) एक्ट, 2026 के तहत कांट्रेक्ट प्रणाली में शामिल करने की पुष्टि की गई है।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार पहले ही विधानसभा में आउटसोर्स कर्मचारियों को संविदा प्रणाली के तहत लाने का प्रस्ताव पारित कर चुकी थी। परिवहन मंत्री की ओर से भी संबंधित अफसरों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन पीआरटीसी प्रबंधन इन फैसलों को लागू नहीं कर रहा था।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर