लुधियाना| दैनिक प्रवचन माला के बीच सुधीर मुनि महाराज ने भगवान महावीर स्वामी जी के उपदेशों का उल्लेख करते हुए बताया कि जो व्यक्ति स्वयं पर जीत प्राप्त करता है, वही इंद्रियों का विजेता और श्रेष्ठ यौद्धा कहलाता है। उन्होंने बताया कि सांसारिक दृष्टि से चक्रवर्ती सम्राट और वासुदेव जैसे योद्धा बड़े माने जाते हैं, लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से मन को वश में कर इच्छाओं पर जीत पाने वाला सबसे बड़ा योद्धा है। सुधीर मुनि ने साधक को कछुए की भांति मन और इंद्रियों पर नियंत्रण रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कामना विषैले सर्प के समान है और जो इसके वशीभूत हो जाता है, वह साधना के मार्ग पर कामयाबी नहीं पा सकता। जाप का फायदा श्रीमती रेखा जैन व राजेश जैन ने लिया, जबकि आज का जाप श्रीमती सरिता जैन और रतन लाल जैन लुधियाना ने करवाया। मंच संचालन महामंत्री संजीव जैन ने किया।