अबोहर में सिटी थाना पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया। उसका साथी पुलिस को देखकर दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर फरार युवक की तलाश प्रारंभ कर दी है।

थाना प्रभारी परमजीत ने बताया कि महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस पता लगाएगी कि हेरोइन कहां से खरीदी गई थी और किसे बेचनी थी। महिला के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशा तस्करी के नेटवर्क में दूसरी महिलाओं की भूमिका की भी जांच होगी।

महिला का साथ दीवार फांदकर हुआ फरार

विज्ञापनIn-Article Banner

9 नवंबर को एसआई सुखपाल सिंह पुलिस टीम के साथ सीड फार्म स्थित भारतमाला पुल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक महिला और युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर युवक दीवार फांदकर भाग गया।

महिला ने अपने पास रखा लिफाफा फेंककर वहां से जाने की कोशिश की, किंतु पुलिस ने उसे पकड़ लिया। लिफाफे की जांच में 50 ग्राम हेरोइन मिली।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान अमनदीप कौर पत्नी राजा सिंह, निवासी आर्य शहर, हाल आबाद आलमगढ़ के रूप में हुई है। फरार युवक की पहचान इंदिरा नगरी निवासी मनिंदर सिंह के रूप में हुई है।

रिमांड लेकर खंगाला जाएगा नशा तस्करी का नेटवर्क- थाना प्रभारी

शहर थाना प्रभारी परमजीत ने कहा कि गिरफ्तार महिला से जुड़े नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जाएगी। पुलिस यह पता लगाएगी कि महिला 50 ग्राम हेरोइन कहां से लेकर आई थी, इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाना था और कितनी रकम में इसका सौदा होना था।

उन्होंने कहा कि महिला की नशा तस्करी में क्या भूमिका रही है और इस नेटवर्क में अन्य महिलाएं या व्यक्ति शामिल हैं या नहीं, इसकी भी छानबीन की जाएगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि महिला का पुलिस रिमांड हासिल कर उसके संपर्कों, नशे की सप्लाई करने वालों और खरीददारों के बारे में सूचना जुटाई जाएगी। इसके अतिरिक्त महिला का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा, ताकि पता चल सके कि उसके खिलाफ पहले कोई केस दर्ज है या नहीं। परमजीत ने कहा कि नशा तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर