मैंने पत्नी से पूछा कि क्या तुम मुझे तलाक देना चाहती हो? पत्नी ने हां बताया तो मैंने पेवर ब्लॉक उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। उसके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। इस कारण, मैं वहां से भाग गया।

चंडीगढ़ में सेक्टर-10 की लेजर वैली में गुरुवार (12 नवबंर) हुए मर्डर की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि पत्नी का किसी के साथ अफेयर है। उसे डर था कि पत्नी उसे तलाक देकर छोड़ देगी। इसी शक और घरेलू विवाद में उसने पत्नी शिखा की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार (13 नवंबर) रात लगभग 10 बजे अभियुक्त पति रॉबिन (27) को हिरासत में ले लिया।

पेड़ों के बीच पड़ी मिली महिला की लाश। घटनास्थल पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच हेतु पहुंची।

विज्ञापनIn-Article Banner

2 बच्चे, मां के साथ रहती थी महिला

पुलिस के अनुसार, शिखा और रॉबिन की शादी 2020 में हुई थी। उनके 5 साल का बेटा और 3 साल की बेटी है। रॉबिन शिखा के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से शिखा दोनों बच्चों के साथ सेक्टर-15 में अपनी मां गुंजन के पास रहने लगी थी। दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था।

गुरुवार (12 नवंबर) को रॉबिन सेक्टर-27 स्थित पत्नी के ऑफिस पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। दोनों ने पहले मार्केट में खाना खाया और फिर एक्टिवा पर नगर में घूमते रहे। शाम करीब पौने 8 बजे वे सेक्टर-10 की लेजर वैली पहुंचे। यहां दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और रॉबिन ने पेवर ब्लॉक से शिखा के सिर पर हमला कर दिया।

कूड़ा बीनने वाले ने देखा शव

शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे एक कूड़ा बीनने वाले युवक ने पेट्रोल पंप के पीछे ग्रीन बेल्ट की जाली के पास युवती का शव देखा। उसने सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची क्राइम सेल, ऑपरेशन सेल और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। शव के पास खून से सना पेवर ब्लॉक मिला, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया था। युवती के सिर में दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोट थी। अधिक खून बहने से उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई थी।

शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। उसकी कलाई पर घड़ी और रुद्राक्ष की छोटी माला बंधी थी। बाजू पर शिखा नाम लिखा हुआ था। जांच के पश्चात उसकी पहचान रांची (झारखंड) की निवासी शिखा के रूप में हुई।

महिला के शरीर पर मिली इन निशानियों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की कोशिश की थी।

भागने की कोशिश में पकड़ा आरोपी

पुलिस ने कुछ ही घंटों में ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाते हुए अभियुक्त पति रॉबिन को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सेक्टर-10 मार्केट से भागने की कोशिश कर रहा था। वह नयागांव का रहने वाला है और स्वीपर का काम करता है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

दो महीने पहले सास पर चापड़ से आक्रमण

पुलिस के अनुसार, शिखा और रॉबिन के बीच विवाद पहले से चल रहा था। शिखा बच्चों के साथ अपनी मां के घर रह रही थी। 10 सितंबर को रॉबिन ने अपनी सास गुंजन पर चापड़ से हमला किया था। इस प्रकरण में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। अब पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।

हाई-सिक्योरिटी जोन में हत्या

लेजर वैली में जिस जगह वारदात हुई, उसके टी-पॉइंट पर पुलिस बूथ है। घटनास्थल से लगभग 100 कदम की दूरी पर रक्षा लेखा विभाग का मुख्यालय और दूसरी ओर केंद्रीय सदन है। पंजाब पुलिस मुख्यालय लगभग 300 मीटर और चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद अभियुक्त ने पार्क में युवती की हत्या कर दी।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट