- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- If You Want To Make Your Life Successful, Then Follow The Path Of Vedas.
आर्य समाज मंदिर मॉडल टाउन के 77वें वार्षिक उत्सव के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और वैदिक चेतना का भव्य संगम देखने को मिला। आयोजन का शुभारंभ पावन यज्ञ के साथ हुआ, जिसे पंडित सत्य प्रकाश शास्त्री एवं पंडित बुद्धदेव वेदालंकार ने विधिवत संपन्न कराया। यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में राकेश भगत व संगीता भगत, अशोक बत्रा व उर्वशी बत्रा एवं नीरू कपूर ने आहुतियां अर्पित की।
पंडित सुरेंद्र आर्य ने ‘जीवन सफल बनाना है तो वेदों के पथ पर चलियो रे’, ‘खुशियों का नाम है, सच्चा सुखधाम है’ और ‘हम आये शरण तुम्हारे दाता’ जैसे प्रेरणादायक भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रश्मि घई ने मत कर तू अभिमान रे बंदे और कहते हैं ऋषियों का सरताज ओ टंकारे वाले भजन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उधर, बिजनौर से आए आचार्य विष्णु मित्र वेदार्थी ने बताया कि सच्चा मनुष्य वही है, जो चिंतनशील और मननशील होकर भले-बुरे का विवेक करते हुए श्रेष्ठ कर्म करता है। यहां कमल किशोर आर्य, रजनीश आर्य, श्याम सुंदर सरीन, कविता, यज्ञ दत्त प्रभाकर, नरेंद्र आर्य, गुलशन भल्ला व अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।







