पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले खरड़ सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा में इस सीट से टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। फतेह जंग बाजवा, भाजपा के प्रदेश मीडिया इंचार्ज विनीत जोशी और रंजीत सिंह गिल समेत कई नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। नेताओं ने हलके में पोस्टर लगाने के साथ छोटी-छोटी जनसभाएं भी शुरू कर दी हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि गठबंधन में खरड़ सीट भाजपा के खाते में आएगी या शिरोमणि अकाली दल को मिलेगी। भाजपा के कई नेता खरड़ में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाकर समर्थकों को जुटाने में लगे हैं। दावेदारों की ओर से हलके में पोस्टर लगाए जा रहे हैं और जनसभाओं के जरिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है। सीट के गठबंधन में बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बावजूद भाजपा नेताओं की दावेदारी से खरड़ में पार्टी की अंदरूनी सियासत गर्मा गई है। अकाली दल ने रविंद्र खेड़ा को बनाया हलका इंचार्ज दूसरी तरफ शिरोमणि अकाली दल ने खरड़ विधानसभा इलाका में रविंद्र खेड़ा को हलका इंचार्ज नियुक्त किया है। खेड़ा अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के करीबी माने जाते हैं। एक जनसभा के बीच उन्होंने लोगों से उन्हें विधायक बनाने की अपील भी की थी। ऐसे में खेड़ा भी खरड़ सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। 2022 में आप की अनमोल गगन मान जीती थीं खरड़ विधानसभा सीट पर 2022 के निर्वाचन में आम आदमी पार्टी की अनमोल गगन मान ने विजय दर्ज की थी। उन्हें 78,273 वोट मिले थे। उस निर्वाचन में रंजीत सिंह गिल शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे और उन्हें 40,388 वोट मिले थे। कांग्रेस के विजय शर्मा टिंकू को 25,291 वोट मिले, जबकि भाजपा के कमलदीप सिंह सैनी 15,249 वोट हासिल कर सके थे। अब भाजपा में कई नेताओं की दावेदारी और अकाली दल की ओर से रविंद्र खेड़ा की सक्रियता के बीच खरड़ सीट पर गठबंधन के फैसले का इंतजार है।