- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- Sujanpur AAP Leader Bhanu Pratap Resigns | Pathankot Politics News
2027 विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच सुजानपुर हलके की राजनीति में उस वक्त बड़ी हलचल मच गई, जब युवा नेता एडवोकेट भानु प्रताप सिंह ने आम आदमी पार्टी में अपने सभी पदों और जिम्मेदारियों से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। भानु प्रताप सिंह ने देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से अपने इस्तीफे का संदेश साझा कर इस निर्णय की सार्वजनिक घोषणा की है। मौजूदा वक्त में भानू प्रताप पंजाब एंड हरियाणा हाइकोर्ट के अधिवक्ता भी हैं।
हालांकि, भानू प्रताप ने ये खुलासा नहीं किया कि वे किस पार्टी का रुख करेंगे। लेकिन, कुछ दिन पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक निजी कार्यक्रम की वायरल तस्वीर से उनके भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
सुनील जाखड़ के करीबी माने जाते भानू प्रताप 2022 में सुजानपुर से कांग्रेस के प्रबल दावेदारों में एक थे। किंतु, कांग्रेस ने नरेश पुरी को टिकट दिया। जिसके चलते भानू प्रताप कांग्रेस छोड़ अगस्त 2023 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। धार कलां और सुजानपुर क्षेत्र में आम लोगों व युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए उनके इस कदम के गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं के साथ नजदीकियों से गरमाया सियासी बाजार
एडवोकेट भानु प्रताप सिंह का यह इस्तीफा ऐसे वक्त में आया है, जब उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की खूब चर्चा है कि महज 6 दिन पहले ही भानु प्रताप सिंह को वरिष्ठ भाजपा नेता अजय जम्वाल और पूर्व डिप्टी स्पीकर व वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश सिंह बब्बू के साथ एक निजी कार्यक्रम में देखा गया था।
इस मुलाकात की तस्वीरें और खबरें सामने आने के पश्चात से ही कयास लगाए जा रहे थे कि भानु प्रताप शीघ्र ही कोई बड़ा सियासी निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, इस्तीफे की घोषणा करते वक्त भानु प्रताप सिंह ने अभी तक यह पत्ते नहीं खोले हैं कि उनकी अगली राजनीतिक पारी किस पार्टी के साथ प्रारंभ होगी।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन रहे भानू प्रताप
एडवोकेट भानु प्रताप सिंह सुजानपुर हलके के एक मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे सुजानपुर क्षेत्र के दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे ठाकुर बलराम सिंह के सुपुत्र हैं और उन्हें पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के बेहद करीबियों में गिना जाता रहा है। प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के बीच 17 अप्रैल 2021 को पंजाब सरकार ने उन्हें मार्केट कमेटी पठानकोट का चेयरमैन नियुक्त किया था। उस वक्त उन्होंने भाजपा के विपन महाजन की जगह यह पदभार संभाला था। बाद में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच वे 2023 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
धार कलां और सुजानपुर के समीकरणों पर पड़ेगा सीधा असर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र, विशेषकर कंडी और धार कलां बेल्ट में राजपूत बिरादरी और युवा वर्ग के बीच एडवोकेट भानु प्रताप सिंह का खासा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में चुनाव से पहले उनका आम आदमी पार्टी को अलविदा कहना सत्ताधारी दल हेतु एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अब पूरे हलके की नजरें भानु प्रताप सिंह के अगले कदम पर टिकी हुई हैं कि वे आधिकारिक रूप से भाजपा का दामन थामते हैं या सुजानपुर की राजनीति में कोई नया मोड़ लेकर आते हैं।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







