तरनतारन में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव भूसे के खेतों से पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बीच 4 किलो हेरोइन बरामद की है। हेरोइन एक पीले रंग के पैकेट में रखी हुई थी। इसके साथ 500 ग्राम पैकिंग सामग्री भी मिली है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। थाना सराय अमानत खां के प्रभारी एसआई बलजिंदर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद थाना पुलिस और बीओपी राजा ताल की 181वीं बटालियन के बीएसएफ जवानों ने गांव भूसे के खेतों में तलाशी अभियान चलाया। इसी बीच संदिग्ध पैकेट मिला। पड़ताल करने पर उसमें से 4 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन को कब्जे में लेकर मामला नंबर 167 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-सी, 61 और 85 में केस दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है कि हेरोइन की खेप किसने मंगवाई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।