- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Three Days For This Person, Three Days For That Person And What About Sunday?
“मैं आदमी हूं या मशीन... एक पत्नी के साथ तीन दिन रहूं या दूसरी के साथ तीन दिन, आखिर संडे को कहां जाऊं?” दो पत्नियों के बीच फंसे अमन की यही उलझन मंच पर दर्शकों को खूब हंसाती रही। कभी अदालत के निर्णय पर बहस, कभी पति के साथ रहने के दिनों का बंटवारा तो कभी घर के बीच लकीर खींचकर अलग-अलग रहने की शर्तें। ऐसे ही मजेदार संवादों और सिचुएशनल कॉमेडी से सजा नाटक ‘घर का न घाट का’ शनिवार शाम केएल सहगल मेमोरियल हॉल में मंचित किया गया। युवा रंग उत्सव के तीसरे वीकेंड में हुए इस नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और शो लगभग हाउसफुल रहा।
नाटक की कहानी अमन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी दो शादियां हैं। पहली पत्नी रमा सरकारी नौकरी में है, जबकि दूसरी पत्नी प्रिया कथक डांसर और डांस टीचर है। रमा के कोई बच्चा नहीं होता, ऐसे में परिवार का वंश आगे बढ़ाने और कुलदीपक की चाहत में वह खुद अमन को दूसरी शादी करने हेतु कहती है। प्रिया के जीवन में आने के पश्चात शुरुआत में सब ठीक रहता है, किंतु धीरे-धीरे अमन का अधिक समय प्रिया के साथ बीतने लगता है। यह बात रमा को खटकने लगती है। दूसरी ओर प्रिया भी चाहती है कि अमन केवल उसके साथ रहे और उसकी परवाह करे। दोनों के बीच पति के वक्त और अधिकार को लेकर विवाद बढ़ता जाता है। आखिरकार प्रकरण अदालत तक पहुंच जाता है।
कोर्ट का निर्णय आता है कि अमन तीन दिन रमा के साथ और तीन दिन प्रिया के साथ रहेगा। इसके पश्चात आरंभ होता है दिनों के बंटवारे का सिलसिला। दोनों अपने पसंद के दिन चुनती हैं। इतना ही नहीं, अमन घर के बीच दो लकीरें खींचकर दोनों के रहने की जगह भी अलग कर देता है। किंतु रविवार को किसके साथ बिताना है, इस पर फिर विवाद खड़ा हो जाता है। एक तरफ अदालत के निर्णय की दुहाई है तो दूसरी तरफ दोनों पत्नियों की अपनी-अपनी शर्तें। अमन की इस खींचतान को हास्य और व्यंग्य के जरिए दिखाया गया। नाटक में परिवार का वंश आगे बढ़ाने हेतु बेटे की चाहत और अपनी इच्छाओं में बहकर लिए जाने वाले फैसलों पर भी कटाक्ष किया गया।
नाटक को जयवर्धन यानि जेपी सिंह ने लिखा और निर्देशित किया। मंच पर अरुण सोडे, तृप्ति जौहरी और श्रेया कुमार ने अपने अभिनय से कहानी को जीवंत बनाया। बैकस्टेज में जितेंद्र चौहान ने लाइट्स और पवन चौहान ने म्यूजिक की जिम्मेदारी संभाली। आज खास रविवार को रंग उत्सव के छठे नाटक के तौर पर एक और कॉमेडी प्ले ‘प्यार की एक्स्ट्रा क्लास’ का मंचन किया जाएगा।







