ऐतिहासिक नगरी फरीदकोट की विरासत के प्रतीक 'किला मुबारक' को 26 नवंबर से एक सप्ताह हेतु आम जनता के दर्शनार्थ खोला जाएगा। मंगलवार शाम विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने किले का दौरा कर वहां किए जा रहे प्रबंधों और मौजूदा हालत का जायजा लिया। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने जानकारी दी कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक विशाल शहर कीर्तन 2 दिसंबर को किला मुबारक से शुरू होगा। इससे पहले 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक इस ऐतिहासिक धरोहर को आम लोगों हेतु खोला जा रहा है, ताकि शहरवासी और विशेषकर युवा पीढ़ी अपनी समृद्ध विरासत से रूबरू हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक इमारतों की संभाल और पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु पूरी तरह वचनबद्ध है। डीसी की अपील- सफाई और गरिमा बनाए रखें डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने जरूर आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा हेतु पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से किला परिसर की साफ-सफाई और इसकी ऐतिहासिक गरिमा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस घटनास्थल पर नगर कौंसिल प्रधान बलजिंदर सिंह आहूजा, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह और अमरजीत परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व मुलाजिम मौजूद रहे।