जालंधर जिले के नकोदर में ग्रामीणों ने एक ड्रग तस्कर को घेर लिया और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभियुक्त ड्रग तस्कर को अरेस्ट कर लिया।

आरोपी के पास से 12 किलो हेरोइन, 4 विदेशी पिस्तौल, 5 कारतूस, एक आईफोन, एक आईपैड और महिंद्रा बोलेरो जब्त की। पुलिस के अनुसार, तस्करी का यह नेटवर्क अमेरिका में बैठे हैंडलर से जुड़ा है। अभियुक्त की पहचान 22 वर्षीय प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ के रूप में हुई है।

एसएसपी बोले- ग्रामीणों की मदद से अभियुक्त पकड़ा

विज्ञापनIn-Article Banner

शुक्रवार को जालंधर देहात के एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख ने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से अभियुक्त को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सूझबूझ से युवाओं को नशे से बचाने में मदद मिली।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को ग्राम चक्क वेंडल के लोगों ने संदिग्ध गतिविधियां देखकर प्रभदीप को उसकी बोलेरो समेत घेर लिया और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची सीआईए स्टाफ की टीम ने गाड़ी की तलाशी ली। उसमें से 2 किलो हेरोइन, 4 पिस्तौल, 2 मैगजीन और 5 कारतूस मिले।

घर की तलाशी में मिली 10 किलो हेरोइन

पुलिस रिमांड के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर डीएसपी करतारपुर की मौजूदगी में उसके घर की तलाशी के बीच 10 किलो हेरोइन मिली। यह खेप लकड़ियों के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई थी।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि खेप अमेरिका में रह रहे कपूरथला निवासी नवजोत सिंह उर्फ गैरी ने भेजी थी। पुलिस के अनुसार, खेप में कुल 14 किलो हेरोइन और 6 पिस्तौल थे।

तीन अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज

थाना सदर नकोदर में नवजोत सिंह उर्फ गैरी, चक्क वेंडल निवासी मनजोतवीर सिंह और सहिम निवासी सौरव को भी नामजद किया गया है। एफआईआर में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस बाकी 2 किलो हेरोइन और 2 पिस्तौल के बारे में आरोपी से पूछताछ कर रही है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर