- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- On The Occasion Of Vishwakarma Jayanti, A Procession Was Taken Out From Shahpur Chowk To Sarai Mohalla Temple.
प्रमुख बाजार स्थित भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर में श्री विश्वकर्मा जयंती महोत्सव विश्वकर्मा सभा के प्रधान नरेश कुमार पिंकी एवं महासचिव नरेंद्र कुमार टीटी की अध्यक्षता में श्रद्धा के साथ मनाया गया। इसमें विधायक अश्विनी शर्मा, आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज रोहित सियोल, पूर्व विधायक अमित विज, पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल तथा पूर्व मंत्री रमन भल्ला, पूर्व विधायक अशोक शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
समस्त अतिथियों ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक मंदिर प्रांगण में पंडित सुनील पांडे के सानिध्य में हवन यज्ञ करवाया गया। सभा के प्रधान नरेश कुमार पिंकी ने ध्वजारोहण किया।इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी शरणानंद महाराज तथा स्वामी आदेश पुरी महाराज ने अपने प्रवचनों में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के प्रथम शिल्पकार तथा वास्तुकला एवं निर्माण कला के जनक माने जाते हैं। उन्होंने अपने दिव्य ज्ञान और कौशल से संसार को निर्माण, रचनात्मकता तथा कर्म की महत्ता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को अपने कार्य को पूरी ईमानदारी, लगन और निष्ठा से करना चाहिए।
इसी बीच भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जय विश्वकर्मा भगवान, सबके बिगड़े काम संवार, विश्वकर्मा भगवान की जय, सृष्टि के रचनाकार की जय तथा तेरी महिमा अपरंपार, विश्वकर्मा दीन दयाल जैसे भजनों और जयकारों के माध्यम से भगवान की महिमा का गुणगान किया। सभा के प्रधान नरेश कुमार पिंकी और महासचिव नरेंद्र कुमार टीटी ने जानकारी दी कि महोत्सव के तहत शाहपुर चौक से शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अध्यक्षता विनोद कुमार बोलियां वाले ने की। शोभायात्रा में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की भव्य झांकी सजाई गई।
शोभायात्रा शाहपुर चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सराई मोहल्ला स्थित भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर सभा के चेयरमैन सतपाल ठेकेदार, वित्त सचिव प्रवीन कुमार, स्टेज सेक्रेटरी प्रदीप भारद्वाज, देस राज, रजिन्द्र सालगोत्रा, विनोद कुमार, अनिल कुमार बिट्टू, राज कुमार दलमोत्रा, सुरिंदर धीमान, सरदारी लाल, हंसराज, मदन लाल कौशल, रवि, पवन कुमार डिप्लू, विकास बॉबी, पंडित सुनील पांडे, सुनील रिहान, सतीश सालगोत्रा, नवीन कुमार, जोगिंदर गांधी, नरेंद्र कला, अनिल वासुदेवा, अनिल रामपाल, श्याम महाजन, शादी सिंह, शक्ति चौधरी, सुरेश कुमार, नरिंद्र सिंह होनी, मुनीश बंटी, पवित धीमान और अंकुश सीरा मौजूद थे।







