- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Bathinda Loot Case | Armed Robbers Loot 43 Lakh At Gunpoint
बठिंडा में बिल्डिंग मैटीरियल स्टोर के मुंशी से साढ़े 43 लाख रुपए लूट की कहानी फर्जी निकली। मुंशी ने ही भाई को बुलाकर रकम उसे दे दी। इसके बाद पुलिस कन्ट्रोल रूम में फोन कर कहा कि उससे लूट हो गई।
उसने दावा किया कि कार में सवार 3 लुटेरों ने गनपॉइंट पर उसकी क्रेटा गाड़ी रोकी। फिर नकदी लूटकर फरार हो गए। लूट का पता चलते ही पुलिस की टीमें फौरन वहां पहुंच गईं। पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया।
हालांकि बार-बार बदलते बयान के कारण पुलिस को उसी पर शक हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। जिसके बाद पूरी कहानी का खुलासा हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानिए, लूट की झूठी कहानी क्या बताई
- पुलिस को कहा- मैं मैटीरियल स्टोर का मुंशी: थाना सदर बठिंडा के एसएचओ मुनीश कुमार ने बताया कि सिल्वर सिटी निवासी दविंदरपाल सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर शनिवार शाम सूचना दी कि वह ग्रीन सिटी रोड स्थित एक बिल्डिंग मटीरियल स्टोर पर मुंशी के तौर पर काम करता है।
- क्रेटा में साढ़े 43 लाख लेकर लौट रहा था: उसने बताया- स्टोर मालिक खुशवीर कुमार ने उसे सफेद रंग की क्रेटा कार (PB 03BC 8198) देकर मौड़-मानसा में अलग-अलग दुकानदारों से बकाया पेमेंट एकत्र करने भेजा था। दविंदरपाल के मुताबिक, वह विभिन्न दुकानदारों से करीब साढ़े 43 लाख रुपये की नकदी इकट्ठी कर स्टोर की तरफ लौट रहा था।
- ऑल्टो सवार लुटेरों ने पीछा किया, नकदी छीन भागे: उसने कहा कि कार में सवार तीन युवक उसका पीछा करने लगे। ग्रोथ सेंटर के पास आरोपियों ने उसकी क्रेटा कार रुकवा ली। इसके बाद हथियार दिखाकर उसे जबरन ग्रोथ सेंटर की तरफ ले गए और उसके पास मौजूद नकदी छीनकर फरार हो गए।
पुलिस को लूट की कहानी पर शक कैसे हुआ?
- लूट का केस दर्ज कर पुलिस मौके पर पहुंची: एसएचओ के मुताबिक, शिकायत मिलने के पश्चात थाना सदर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के साथ घटनास्थल की जांच प्रारंभ की।
- क्राइम सीन रीक्रिएट में बार-बार वक्तव्य बदले: इसी दौरान पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौके पर क्राइम सीन रीक्रिएट करने का प्रयास किया, किंतु वह बार-बार अपनी बात बदलने लगा। कभी वारदात के घटनाक्रम तो कभी आरोपियों की गतिविधियों को लेकर उसके बयानों में अंतर सामने आया।
- पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हुआ: शिकायतकर्ता के लगातार बदलते बयानों ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दविंदरपाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने कथित लूट की पूरी कहानी खुद गढ़ने की बात कबूल की।
पोल खुलने पर अभियुक्त ने क्या कहा?
- अधिक नकदी देख मन में लालच आया: पुलिस के अनुसार, दविंदरपाल ने जानकारी दी कि जब उसके पास साढ़े 43 लाख रुपये की नकदी आई तो उसके मन में लालच आ गया। उसने पूरी रकम हड़पने की साजिश रच ली और इसके लिए लूट की झूठी कहानी बनाने की तैयारी कर ली।
- भाई को बुलाकर पैसा सौंपा, पुलिस को फोन किया: पुलिस के मुताबिक दविंदरपाल ने अपने भाई सुमित को बुलाया और पूरी रकम उसे सौंप दी। इसके पश्चात नकदी लूटे जाने की कहानी तैयार की, ताकि किसी को उस पर शक न हो। फिर उसने पुलिस कन्ट्रोल रूम में फोन कर लूट किए जाने की झूठी जानकारी दे दी।
स्टोर मालिक ने बताया- 8 महीने से काम कर रहा था बठिंडा की ग्रीन सिटी फेज-4 निवासी खुशवीर जिंदल ने पुलिस को वक्तव्य दिया था कि ब्लेजिंग स्टार पैलेस के सामने स्थित उनकी फर्म ‘सूरज स्टील सेल्स’ में दविंदर कुमार पिछले करीब आठ महीनों से फर्म का कामकाज संभालता है और उगाही हेतु बाहर आता-जाता है।
28 नवंबर को दविंदर उगाही हेतु मौड़, मानसा और सुनाम गया था। शाम उसने फोन कर सूचना दी कि कार में आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने हथियार के बल पर उसे 400-किल्ला ग्रोथ सेंटर ले जाकर 43,67,300 रुपए लूट लिए।
SHO बोले- भाई के अलावा और कौन शामिल, छानबीन कर रहे एसएचओ मुनीश कुमार ने कहा कि पुलिस प्रकरण की आगे जांच कर रही है। इसमें दविंदरपाल के साथ कितने लोग शामिल थे, भाई सुमित की भूमिका क्या रही और कथित साजिश में अन्य साथियों की क्या भागीदारी थी, इन समस्त पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, नकदी की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है।







