लुधियाना थाना लाडोवाल के अंतर्गत आते हमबड़ा रोड पर एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा एक ऑटो और बड़े ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर की वजह से हुआ। ऑटो में चालक समेत दो सवारियां मौजूद थीं और तीनों ने मौके पर ही जान गंवा दी। लाडोवाल के एसएचओ ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9:15 बजे हादसे की सूचना मिली थी। ऑटो हमबड़ा से दाखा की ओर जा रहा था तभी मार्ग में सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया है जबकि ट्रक चालक हादसे के पश्चात फरार हो गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। इनमें से एक मृतक प्रवासी बताया जा रहा है, जिसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।