जालंधर | मॉडल टाउन स्थित एपीजे स्कूल में श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। यह आयोजन एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया के नेतृत्व और डॉ. नेहा बर्लिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शांति, करुणा, समानता और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों से जोड़ना था। सभा की शुरुआत विद्यालय प्रार्थना और शब्द गायन से हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने भाषणों के माध्यम से गुरु नानक देव के जीवन व शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदेल ने ‘नाम जपना, किरत करना और वंड छकना’ के महत्व पर संबोधित करते हुए दया, ईमानदारी और मिल-बाँटकर रहने की प्रेरणा दी। अंत में ‘एक ओंकार’ के संदेश को दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया गया।