अमृतसर| डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दान विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने डी-ब्लॉक, रणजीत एवेन्यू स्थित गुरु नानक प्रकाश गुरुद्वारे में ‘ई-हुण्डी' (डिजिटल दान) सुविधा आरंभ की है। इसका उद्घाटन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय अमृतसर के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक चौधरी ने किया। इस पहल के जरिए श्रद्धालु अब डिजिटल माध्यम से भी सरलतापूर्वक दान कर सकेंगे। अशोक चौधरी ने कहा कि बैंक आधुनिक सेवाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने हेतु प्रतिबद्ध है और ई-दान धार्मिक संस्थानों व डिजिटल बैंकिंग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। इस अवसर पर कैंटोनमेंट शाखा प्रबंधक हरमंदीप सिंह संधू, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान अपार सिंह, उपप्रधान कुलवंत सिंह, महासचिव कैप्टन भजन सिंह, कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर चरण सिंह गिल व ग्रंथी सतनाम सिंह सहित भारी संख्या में संगत मौजूद रही।