- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Light A Lamp In Memory Of Youth Who Lost Their Lives Due To Drug Addiction: Ashok Sarin Hikki
जालंधर | भारतीय जनता पार्टी के जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने दीपावली और बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में एक दीपक उन युवाओं की स्मृति में जलाएं, जिनका जीवन नशे की भेंट चढ़ गया।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर वाहेगुरु के समक्ष अरदास की जाए कि पंजाब से नशे का अंधकार दूर हो और आगे किसी भी मां की गोद नशे की वजह से सूनी न रहे। शुभकामना संदेश में अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, जिससे कई युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और अनेक परिवारों को अपूरणीय नुकसान झेलना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि नशे की वजह से बेटों को खोने वाली माताओं का शोक पूरे पंजाब का साझा शोक है। उन्होंने कहा कि दीपावली की प्रसन्नता तब अधिक सार्थक होगी जब समाज के जरूरतमंद और दुखी लोगों के साथ खुशियां साझा की जाएं। साथ ही उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ और खुशहाल पंजाब के लिए सामूहिक प्रयास, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और प्रदेश की प्रगति व चढ़दी कला हेतु एकजुट होने का आह्वान किया।







