अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकारी कर्मियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन (पीएसएमएसयू) के आह्वान पर वीरवार से मुलाजिम फिर 2 दिवसीय ‘कलम छोड़ हड़ताल' पर चले गए हैं। इसके चलते डीसी दफ्तर, शिक्षा, सिंचाई, एक्साइज एंड टैक्सेशन, सेहत और पीडब्ल्यूडी समेत करीब 52 विभागों में कामकाज पूरी प्रकार से ठप हो गया है। शनिवार, रविवार और सोमवार छुट्टी की वजह से अब सरकारी कार्यालय सीधे मंगलवार को ही सुचारू रूप से खुल सकेंगे। इस वजह से दफ्तरों में काम करवाने आ रही आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, तहसीलों में रजिस्ट्रियों का काम सुचारू रूप से चलता रहा, जहां क्लेरिकल स्टाफ अपनी सीटों पर बैठा नजर आया। हड़ताल के कारण दूर-दराज से अपने काम करवाने डीसी दफ्तर और अन्य विभागों में पहुंच रहे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

Source: Dianik Bhaskar