बठिंडा| सेंटर फॉर लिटिल माइंड की ओर से दीपावली पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। चिकित्सालय के एमडी डॉ. इंदीवर कालड़ा और डॉ. प्रगति कालड़ा के नेतृत्व में आयोजित आयोजन में बच्चों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं से जोड़ने के साथ उनके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इस घटनास्थल पर बच्चों ने दीप जलाकर और रंग-बिरंगी सजावट कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। डॉ. प्रगति कालड़ा ने बच्चों को त्योहार के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि दीपावली मात्र रोशनी और सजावट का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और खुशियां बांटने का भी संदेश देता है। त्योहार परिवार के सदस्यों को एक साथ समय बिताने और रिश्तों को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।