भास्कर न्यूज | अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों को रिसीव करने आने वाले व्हीकल ड्राइवर्स गाड़ियां अंदर ले जाने के बजाय रोड किनारे खड़ी कर रहे हैं। इसकी इकलौती वजह पार्किंग फीस की बचत है। हालात यह हैं कि एयरपोर्ट से लगभग 3 किलोमीटर दूर तक सड़क किनारे कारों और टैक्सियों की लंबी लाइन लगी रहती है। इससे 4 लेन की रोड महज 1 लेन की रह जाती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, अमृतसर एयरपोर्ट पर प्राइवेट कार हेतु पार्किंग रेट 30 मिनट तक 60 रुपए, 30 से 60 मिनट तक 90 रुपए और 60 से 120 मिनट तक 120 रुपए तय हैं। इस पर्ची से बचने हेतु ड्राइवर्स सड़क के किनारे ही व्हीकल्स पार्क कर देते हैं। यह हालत पूरा दिन बनी रहती है। पार्किंग के पैसे बचाने की यह होड़ रोड से गुजरने वाले राहगीरों हेतु खतरनाक साबित हो रही है। सबसे अधिक खतरा शाम के समय रहता है, जब फ्लाइट्स का रश बढ़ जाता है। संकरी हो चुकी सड़क पर ओवरटेक के चक्कर में एक्सीडेंट्स का डर बना रहता है। लोकल लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की तरफ से यहां कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। अगर टाइम रहते चालान किए जाएं, तो हालत सुधर सकती है।