अमृतसर में आज रविवार को दीपावली और बंदी छोड़ दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पूरा नगर रोशनी से जगमगा रहा है। घरों और दुकानों को दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।

शनिवार को बाजारों में देर रात तक रौनक रही। लोगों ने मिठाइयों, सजावट के सामान, पूजा सामग्री, गहनों, क्रॉकरी, बर्तनों और ड्राईफ्रूट्स की जमकर खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार, इस बार गिफ्ट आइटम और पटाखों की भी खूब बिक्री हुई है। महंगाई के बाद भी लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। प्रशासन की ओर से आज रात 8 से 10 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति दी गई है।

गोल्डन टेंपल में एक लाख से ज्यादा दीप जलेंगे, रात को होगी आतिशबाजी

विज्ञापनIn-Article Banner

वहीं, बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर गोल्डन टेंपल में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यहां गुरमत समागम हो रहा है। शाम को गुरु घर में एक लाख से अधिक दीप जलाकर भव्य दीपमाला की जाएगी। रात आतिशबाजी होगी। रविवार को छुट्टी होने के कारण गोल्डन टेंपल में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के माथा टेकने पहुंचने की अपेक्षा है।

इस अवसर पर आज शाम 5 बजे श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह सिख कौम के नाम संदेश पढ़ेंगे। इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

बंदी छोड़ दिवस मनाने देश-विदेश से अमृतसर पहुंच रहे श्रद्धालु

बंदी छोड़ दिवस की रौनक देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु अमृतसर पहुंच रहे हैं। मलेशिया के कुआलालंपुर से गोल्डन टेंपल पहुंचे जसवपाल सिंह ने कहा कि वह पहली बार बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर यहां आए हैं। गुरु घर पहुंचकर अलौकिक रोशनी और दीपमाला देखकर उनका दिल खुशी से भर गया। उन्होंने बताया कि यहां उन्हें ऐसी शांति का अनुभव हुआ है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

दिवाली और बंदी छोड़ दिवस पर अमृतसर के बाजारों से लेकर गोल्डन टेंपल तक उत्सव का माहौल बना हुआ है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर