- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Bandi Chhor Divas: A Garland Of One Lakh Lamps Will Be Lit At Sri Harmandar Sahib, Along With Fireworks.
दिवाली और बंदी छोड़ दिवस मनाने हेतु शहर सज चुका है। आज हर घर-दुकान दीपों की रोशनी से रोशन होगा। लोगों ने शनिवार को जमकर खरीदारी की। इसी बीच बाजारों में भीड़ रही। दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। लोगों ने सजावट, पूजा सामग्री और मिठाई खरीदी।
लोग रात 10 बजे तक बाजारों में खरीदारी करते रहे। कारोबारियों के अनुसार, इस बार गहनों के अलावा गिफ्टस में क्रॉकरी, बर्तन, मिठाई, ड्राईफ्रूट्स और पटाखों की खूब खरीददारी हुई है। महंगाई के बाद भी लोगों के उत्साह में कमी नहीं आई।
वहीं प्रशासन की ओर से रात 8 से 10 बजे तक पटाखे चलाने की परमिशन दी गई है। बंदी छोड़ दिवस पर श्री हरमंदर साहिब में रविवार को गुरमत समागम होगा। समागम के पश्चात शाम को एक लाख से अधिक दीप जलाकर दीपमाला की जाएगी और रात लगभग 7.20 बजे आतिशबाजी की जाएगी।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते श्री हरमंदर साहिब में रविवार को 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के नतमस्तक होने की अपेक्षा है। रविवार शाम 5 बजे श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह सिख कौम के नाम संदेश पढ़ेंगे।
वहीं, मलेशिया के कुआलालंपुर से विशेष तौर पर श्री हरमंदर साहिब पहुंचे जसपाल सिंह ने कहा कि वह अपने जीवन में पहली बार खास तौर पर बंदी छोड़ दिवस के घटनास्थल पर आए हैं। जब उन्होंने यहां आकर गुरु घर की अलौकिक रोशनी और दीपमाला को देखा, तो उनका दिल खुशी से भर गया। गुरु घर में ऐसी अलौकिक शांति मिली है जो शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।







