तरनतारन में किसी दूसरी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर किसी अन्य बाइक के चालान कटवाने का प्रकरण सामने आया है। गांव चीमा निवासी लखबीर सिंह ने बताया कि 19 नवंबर को उनके मोबाइल पर 5 हजार रुपए के चालान का मैसेज आया तो वह हैरान रह गए। उन्होंने चालान की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उनकी बाइक के नंबर पर दो चालान काटे जा चुके हैं। इनमें एक चालान 28 नवंबर 2025 को 500 रुपए और दूसरा 19 नवंबर को 5 हजार रुपए का है। लखबीर सिंह ने इल्जाम लगाया कि उन्होंने कभी यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं किया, इसके बावजूद उनके नाम पर चालान काटे जा रहे हैं। उनका कहना है कि वह शिकायत लेकर थाना सराय अमानत खां भी गए, लेकिन वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ वक्त पहले बाइक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के बीच किसी ने उनकी पुरानी नंबर प्लेट हासिल कर ली होगी और उसका इस्तेमाल किसी दूसरी बाइक पर किया जा रहा है। लखबीर सिंह ने प्रकरण की छानबीन करवाकर गलत तरीके से काटे गए चालान रद्द करने की मांग की है।