भास्कर न्यूज | अमृतसर खेतों में पराली जलने से जिले की हवा प्रदूषित हो चुकी है और अनहेल्दी कैटेगिरी में पहुंच चुकी है। नगर में स्मॉग छा गई है। बीते साल के मुकाबले इस बार दिवाली से पहले वायु पदूषण ज्यादा है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल दीवाली से पहले एक्यूआई 300 के पार तक पहुंच चुका है। जबकि पिछले वर्ष दिवाली से एक दिन पहले एक्यूआई 122 था। हवा प्रदूषित होने से दम घुटने लगा है। पिछले साल दिवाली से 5 दिन पहले एक्यूआई 33 से बढ़कर 225 तक पहुंचा था। इस बार नवंबर की शुरुआत ही 182 के स्तर से हुई और 5वें दिन यह 322 तक पहुंच गया। आंकड़े बता रहे हैं कि इस बार हवा पहले से ज्यादा प्रदूषित है। इसका सीधा असर आम लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिले में अब तक पराली जलाने के 231 प्रकरण सामने आए हैं। 115 मामलों में 5.55 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 5 लाख रुपए वसूले जा चुके हैं। इसके अलावा 28 एफआईआर दर्ज की गईं और 90 खेतों में रेड एंट्री की गई। वहीं डॉक्टरों ने ऐसे मौसम में बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।